Rahul gandhi
Rahul gandhi

कांग्रेस ने शनिवार को झारखंड के सरायकेला में किसान आंदोलन के समर्थन में एक 'जन आक्रोश रैली' का आयोजन किया था जिसमें खूब लटके झटके देखने को मिले। बीजेपी ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें दिख रहा है कि कैसे रैली में एक डांसर स्टेज पर खड़े होकर बॉलीवुड गाने पर डांस कर रही है जबकि कांग्रेस के कार्यकर्ता उसे मंच पर ही बैठे देख रहे हैं।

बीजेपी झारखंड ने ये वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया था और कांग्रेस की इस हरकत की जमकर आलोचना की थी। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में आयोजित की गई रैली में ये डांस देखा गया है।

वीडियो को शेयर करते हुए बीजेपी झारखंड ने लिखा- “ये है कांग्रेस के संस्कार। जन समर्थन न मिलने पर भीड़ को बुलाने के लिए इस तरह का आयोजन कर आखिर क्या दर्शाना चाह रही है यह पार्टी?”

इस क्लिप को शेयर करते हुए, बीजेपी प्रवक्ता आरपी सिंह ने कांग्रेस पार्टी की नीयत पर सवाल उठाए और पूछा कि अब अगली रैली में वह डांस करने के लिए किसे बुलाएंगे?

उन्होंने कैप्शन में लिखा- “कांग्रेस की झारखंड के सरायकेला के कुकडू प्रखंड में 18 फरवरी को आयोजित किसान जनाक्रोश रैली। क्या ये है पवित्र किसान आंदोलन का सच। और क्या अगली रैली में मिया खलीफा?”

साथ ही उन्होंने भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता और किसान नेता राकेश टिकैत और बलवीर सिंह राजेवाल को भी टैग किया है।

वही पूर्व केंद्रीय मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर ने भी वीडियो के बाद कांग्रेस को लताड़ लगाई और कहा कि ‘पार्टी किसानों को केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ भड़काने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है’।

Source - Republic Bharat