Adani rahul

आये दिन मोदी सरकार पर अंबानी और अडानी से दोस्ती का आरोप लगाने वाली कांग्रेस अब अपने ही जाल में फंसती नजर आ रही है। दरअसल राहुल गांधी अपने लगभग सभी भाषणों में मोदी सरकार पर आरोप लगाते रहते हैं कि वो अंबानी और अडानी जैसे उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाते हैं। ऐसे में अब जब महाराष्ट्र और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार ने अडानी ग्रुप को ठेका दिया तो भारतीय जनता पार्टी को वार करने का मौका मिल गया। बता दें कि बीजेपी ने कांग्रेस को उसके ही तीर से निशाना साध दिया है। दरअसल राजस्थान और महाराष्ट्र सरकार की तरफ से अडानी ग्रुप को सोलर पावर प्रॉजेक्ट्स और दिघी पोर्ट दिए जाने पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से बीजेपी ने पूछा है कि क्या यही ‘हम दो हमारे दो’ है?

गौरतलब है कि राजस्थान में अडानी ग्रुप 9700 मेगावॉट के सोलर हाईब्रिड और विंड एनर्जी पार्क का निर्माण करने जा रहा है। इसमें कारोबारी समूह 5 सोलर प्रॉजेक्ट्स में 50 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेगा। वहीं, महाराष्ट्र में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन वाली सरकार ने भी दिघी पोर्ट को अडानी ग्रुप को दे दिया है।

Adani


इसको लेकर सामने आई एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिघी पोर्ट लिमिटेड (DPL) की 100 फीसदी हिस्सेदारी अडानी ग्रुप ने 705 करोड़ रुपए में खरीद ली है। कंपनी यहां 10 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेगी और मुंबई में जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट के लिए वैकल्पिक गेटवे तैयार करेगी।

इसी को लेकर बीजेपी महासचिव सीटी रवि और कांग्रेस के पूर्व नेता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर सवाल दागा है। सीटी रवि ने अपने एक ट्वीट में लिखा कि, ”राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने 50 हजार करोड़ रुपए के निवेश के साथ 5 सोलर प्रॉजेक्ट्स अडानी ग्रुप को सौंपने की मंजूरी दे दी है। महाराष्ट्र में कांग्रेस गठबंधन सरकार ने दिघी बंदरगाह को अडानी ग्रुप को दे दिया है। यह यहां 10 हजार करोड़ का निवेश करेगा। हम दो हमारे दो, है ना #आंदोलनजीवी राहुल गांधी?’

Source - Newsroom Post