नई दिल्ली। दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में बीजेपी के एक कार्यकर्ता रिंकू शर्मा (Rinku Sharma) की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले को दिल्ली पुलिस ने क्राइम ब्रांच तो सौंप दिया है। इस हत्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी के तमाम नेता रिंकू शर्मा के परिवार से मिलने उनके घर तक जा रहे हैं। ऐसे में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी रिंकू शर्मा के परिवार के लोगों से मिले और उन्हें सांत्वना दी। बता दें कि मनोज तिवारी रिंकू शर्मा के परिवारजनों से मिलने के लिए उनके निवास K -849 मंगोलपुरी पहुंचे और परिवार को इस दुख की घड़ी में सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि इस समय में हम परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा, एक के बाद एक दिल्ली में उन्मादी भीड़ द्वारा हिंसात्मक घटनाएं हो रही हैं और उसमें एक ही धर्म विशेष के लोगों की निर्मम हत्याएं हमें यह सोचने पर विवश करती हैं कि यह सिर्फ़ इत्तेफाक नहीं बल्कि किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है।
मनोज तिवारी ने कहा कि, ‘आखिर वह कौन सी शक्तियां है जो दिल्ली में देश की राजधानी को तहस-नहस कर देना चाहती हैं, जो दिल्ली को एक के बाद एक बड़े जख्म देकर कानून व्यवस्था के लिए चुनौतियां खड़ी कर रही हैं।’ तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को लेकर कहा कि इस जघन्य घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की चुप्पी भी किसी खतरनाक संकेत से कम नहीं है। इतनी बड़ी घटना के बाद भी दिवंगत रिंकू के परिवार से मुख्यमंत्री का ना मिलने आना एक ज़हरीली मानसिकता को दिखाता है।
मनोज तिवारी ने कहा कि, कई निर्दोष हत्याओं के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि रिंकू की नृसंश हत्या का जख्म दिल्ली को एक बड़े दर्द की आहट से परेशान कर रहा है पहले शाहीन बाग फिर दिल्ली में सांप्रदायिक दंगे उसके बाद आंदोलन की आड़ में 26 जनवरी के दिन देश का सिर शर्म से झुका देने वाली जघन्य घटना महज एक संयोग नहीं है और इन घटनाओं को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित सभी विपक्षी दलों का प्रत्यक्ष या मौन समर्थन दिल्ली को बर्बाद करने के लिए किसी बड़े प्रयोग की ओर संकेत करता है।


0 टिप्पणियाँ
Please, do not enter any spam link in the comment box and don't use any abusive language otherwise you will be banned without warning.